विकास खंड कीर्तिनगर में स्थित राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हिंसरियाखाल वीर शहीद गौतम लाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी स्वीकृति देते हुए सचिव स्वास्थ्य को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
गत 3 दिसंबर को ओटिंग (नगालैंड) में उग्रवाद विरोध ऑपरेशन में टिहरी जिले की ग्राम पंचायत नौली (नौसिला तोक) निवासी 24 वर्षीय पैराटू्रपर गौतम लाल शहीद हो गए थे। गौतम पैरा स्पेशल फोर्स की 21वीं बटालियन के जवान थे। 6 दिसंबर को शहीद की अंतिम विदाई के दौरान क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने हिंसरियाखाल मेें निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का नामकरण शहीद गौतम के नाम पर करने की घोषणा की थी। हिंसरियाखाल शहीद के गांव से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। कंडारी ने बताया कि इस मसले पर उन्होंने बुधवार को मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात की। उनके अनुरोध पर मुख्यमंत्री धामी ने अस्पताल का नामकरण वीर शहीद गौतम लाल करने पर सहमति जताई।