पौड़ी। ब्लॉक के ग्रामसभा अमकोटी के लोगों को इन दिनों पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है। आलम यह है कि लोगों को पीने के पानी के लिए प्राकृतिक जलस्रोत की दौड़ लगानी पड़ रही है। ग्राम प्रधान की मानें तो जल जीवन मिशन के तहत भी कई लोगों को कनेक्शन नहीं दिए जा रहे। जिससे लोगों में आक्रोश बना हुआ है।
विज्ञापन
ग्राम प्रधान गुड्डी देवी ने बताया कि पिछले लंबे समय से उनके गांव में पेयजल किल्लत बनी हुई है। कहा कि ठंड के मौसम होने के बावजूद उन्हें अभी से पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। घाटी में होने के चलते गांव में भीषण गर्मी पड़ती है। कहा कि इन दिनों जल जीवन मिशन के तहत पेयजल कनेक्शन लगाए जा रहे हैं, लेकिन वह भी पूरे नहीं हो सके। बताया कि गांव में अभी तक 34 में से 12 घरों में कनेक्शन लगाए गए हैं। बताया कि कई बार विभाग से शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने जिला प्रशासन से गांववासियों को पेयजल किल्लत से निजात देने की मांग उठाई है। संवाद