पौड़ी। सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी के चौथे दिन रविवार को रांसी स्टेडियम में विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
फुटबाल प्रतियोगिता में पौड़ी विधानसभा की टीम ने उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए फाइनल मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम किया। बैडमिंटन एकल अंडर–19 बालक वर्ग में पौड़ी विधानसभा के रंदीप राय ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। कोटद्वार के अरुण शर्मा द्वितीय व नरेंद्रनगर के सुजीत मंडल तृतीय स्थान पर रहे।
फुटबाल के सेमीफाइनल मुकाबलों में पहले मैच में कोटद्वार विधानसभा की टीम ने लैंसडौन विधानसभा को 2–0 से पराजित किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में पौड़ी की टीम ने श्रीनगर को 1–0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला पौड़ी और कोटद्वार विधानसभा की टीमों के बीच खेला गया, जो अत्यंत रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा। इसके बाद मैच पेनल्टी शूटआउट में पहुंचा, जहां पौड़ी की टीम ने कोटद्वार को 3–2 से हराकर सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया। संवाद