पौड़ी। जिला मुख्यालय जल्द ही लीगेसी वेस्ट की समस्या से मुक्त होने जा रहा है। लोअर चोपड़ा स्थित श्रीनगर रोड पर बीते दो दशक से अधिक समय से डंप किए गए सात हजार मीट्रिक टन से अधिक कूड़ा के निस्तारण की प्रक्रिया नगर पालिका प्रशासन ने शुरू कर दी है। इसके लिए ट्रायल कन्वेयर बेल्ट मशीन स्थापित कर कूड़े की छंटाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अब तक लगभग 15 फीसदी वेस्ट का निस्तारण किया जा चुका है।
वर्ष 2003-04 से श्रीनगर रोड पर लोअर चोपड़ा के समीप गदेरे किनारे कूड़ा डंप किया जा रहा है। नगर पालिका के पास ट्रंचिंग ग्राउंड की सुविधा नहीं होने के कारण वर्षों से कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण नहीं हो सका। इसके चलते यहां हजारों मीट्रिक टन कूड़ा जमा हो गया है।
पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि लोअर चोपड़ा में कुल 7636 मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट मौजूद है जिसमें प्लास्टिक, गत्ता, बोतल, मिट्टी सहित अन्य प्रकार का कचरा शामिल है। ईओ ने बताया कि अब तक 15 फीसदी कूड़े की छंटाई पूरी हो चुकी है और छह माह के भीतर पूरे लीगेसी वेस्ट के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संवाद