पौड़ी। जिले में नयार महोत्सव -2024 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कोट ब्लॉक के बागी गांव में आयोजित होने वाले महोत्सव को लेकर एंग्लिंग प्रेमियों ने राज्य समेत पंजाब व दिल्ली से भी पंजीकरण करवाया है। विभाग के मुताबिक फिलहाल 19 एंग्लर ने ऑनलाइन पंजीकरण किया है। महोत्सव बृहस्पतिवार 24 से 26 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा।
मत्स्य विभाग व जिला प्रशासन की पहल पर जिले में तीसरी बार होने जा रहे एंग्लिंग फेस्टिवल को लेकर इन दिनाें अंतिम तैयारियां चल रही हैं। महोत्सव को भव्य व आकर्षक बनाने के लिए जिला प्रशासन के साथ ही मत्स्य व पर्यटन विभाग विभिन्न राेमांचक गतिविधियां भी आयोजित करने जा रहा है। मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि एंग्लिंग के लिए फिलहाल 19 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिसमें दिल्ली व पंजाब से चार-चार, चंपावत से छह, पौड़ी से तीन व अल्मोड़ा से दो आवेदन मिले हैं।
ऑनलाइन आवेदन 25 अक्तूबर तक स्वीकार किए जाएंगे। बताया कि गोवा व उत्तर भारत में भी इस प्रकार के फेस्टिवल होने के चलते इस बार आवेदन कम प्राप्त हो रहे हैं। पहले महोत्सव में 26 व दूसरे में 35 एंग्लर ने हिस्सा लिया था। बताया कि एंग्लिंग फेस्टिवल में सर्वाधिक व सबसे बड़ी मछली पकड़ने वाले पहले तीन विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। जबकि पर्यटन विभाग की ओर से कार्यक्रम को रोमांचक बनाने के लिए राफ्टिंग व कयाकिंग, साइकलिंग, हॉटएयर बलून आदि आयोजित होंगे।