गढ़वाल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने आंचल दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। दूूध की कीमत दो रुपये प्रति लीटर, दही करीब 15 रुपये प्रति किलोग्राम और घी 75 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है।
गढ़वाल दुग्ध उत्पादक संघ की श्रीनगर मेें आंचल डेरी है। यहां से सप्लाई हो रहे दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमत इस मार्च माह से बढ़ गई है। इससे पूर्व जनवरी 2020 में आंचल के उत्पादों की कीमत में वृद्धि की गई थी। वर्तमान में डेरी का दूध और दुग्ध उत्पाद एटीएम वाहन के जरिए पौड़ी जिले के विभिन्न स्थानों पर सप्लाई हो रहे हैं। डेरी के प्रभारी प्रधान प्रबंधक राकेश खंडूड़ी ने बताया कि डबल टोंड दूध (खुला) अब 42 रुपये प्रति लीटर के स्थान 44 रुपये प्रति लीटर बेचा जा रहा है। स्टैंडर्ड दूध (पैक) 54 रुपये प्रति लीटर हो गया है। पहले यह दूध 52 रुपये प्रति लीटर मिलता था। दही के 200 ग्राम के पॉली पैक में तीन रुपये की वृद्धि हुई है। 200 ग्राम की कीमत 18 रुपये हो गई है। एक लीटर घी का पैक 600 रुपये प्रति लीटर का बेचा जा रहा है। पहले घी की कीमत 525 रुपये प्रति लीटर थी। खंडूड़ी ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए दुग्ध संघ ने कीमत बढ़ाने का निर्णय लिया है। पिछले दो साल से कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी।