पौड़ी। छह सूत्री मांगों को लेकर धरने पर बैठे जिला पंचायत सदस्यों ने तदर्थ सहायक अभियंता सुदर्शन रावत के निलंबन पर पटाखे फोड़कर खुशी जताई। उन्होंने शासन की ओर से निलंबन की कार्रवाई को सही ठहराया।
पूर्व तय कार्यक्रम के अनुसार जिला पंचायत सदस्यों ने कार्यालय परिसर के बाहर मंगलवार को सातवें दिन भी धरना दिया। जिला पंचायत की कार्यशैली से नाराज सदस्यों ने अध्यक्ष व एएमए के खिलाफ नारेबाजी कर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि बीते सोमवार को अध्यक्ष, एएमए समेत छह के पुतले दहन के बाद शासन ने जिला पंचायत के तदर्थ जेई को निलंबित किए जाने के आदेश पर खुशी जताई।
कहा कि जिला पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं में घिरे तदर्थ जेई एवं निर्माण पटल कर्मचारी को बर्खास्त करने समेत छह सूत्री मांगों को पूरा करने की मांग उठाई। चेतावनी दी कि जल्द ही मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलित सदस्य अनशन शुरू कर देंगे। गौरतलब है जिला पंचायत में बीते दो सालों से त्रैमासिक आम बैठक नहीं होने, वित्तीय अनियमितता में कर्मचारियों की संलिप्ता, नियमित अभियंता को कार्याधिकारी की जिम्मेदारी सौंपने समेत छह सूत्री मांगों को लेकर नाराज सदस्य बीते 16 अक्तूबर से धरने पर बैठे हैं। धरना देने वालों में सीमा सजवाण, गौरवत रावत, वीरेंद्र सिंह (टिंकू), कुलभूषण और कुलदीप रावत आदि शामिल रहे।