जिला मुख्यालय पौड़ी में विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग की ओर से मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें चुनाव की आदर्श आचार संहिता के दौरान मीडिया की भूमिका, पेड न्यूज, पक्षपातपूर्ण कवरेज, शिकायतों व निस्तारण को लेकर विस्तार से जानकारी दी की गई।
कार्यशाला का शुभारंभ उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम पौड़ी इला गिरी ने किया। कार्यशाला में मीडिया प्रमाणन एवं अनुश्रवण समिति (एमसीएमसी) के गठन एवं कार्य, विज्ञापनों का पूर्व प्रमाणीकरण एवं पेड न्यूज आदि के संबंध में जानकारी दी गई। मतदान एवं मतगणना के दौरान मीडिया को दिये जाने वाले प्राधिकार पत्र के बारे में भी बताया गया। इस मौके पर इला गिरी ने कहा कि चुनाव में मीडिया कवरेज स्वतंत्र व निष्पक्ष हो इस पर आयोग की कड़ी निगरानी होगी। बताया गया कि पेड न्यूज को लेकर वर्ष 2012 में 30 मामले पाए गए। लोकसभा चुनाव 2019 में देशभर में 703 शिकायतें मिली, जिसमें 647 शिकायतें पेड न्यूज की थी। सोशल मीडिया से जुड़ी भी 900 शिकायतें मिली। बताया गया कि 2011 से 2021 के बीच देशभर में 278 मीडिया कर्मियों की हत्याएं भी हुई हैं।