शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत बोले, सरकार पहाड़ के विकास के लिए प्रतिबद्ध
पीएचसी त्रिपालीसैंण के निर्माणाधीन भवन का काम गुणवत्ता से करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को विधान सभा क्षेत्र श्रीनगर के ब्लॉक थलीसैंण में 2.90 लाख से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने लोगों से एक पौधा मां के नाम लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार पहाड़ के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे मूलभूत ढांचे को दुरुस्त करने की दिशा में बेहतर कार्य किए जा रहे हैं।
शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने 28.14 हजार की लागत के जूनियर हाईस्कूल सलोन के भवन का शिलान्यास किया। साथ ही भैरोंखाल में बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने ग्राम सभा सोटी में वीरेंद्र सिंह के मछली पालन का निरीक्षण किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिपालीसैंण के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर कार्यों को गुणवत्ता से समय पर पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने जीआईसी कुठखाल में 1.52 लाख की लागत से भवन, राप्रावि कुचोली के 29.75 हजार से भवन, जीआईसी रिस्ती में 22.60 हजार के कंप्यूटर कक्ष और चंगीन-कुठखाल मार्ग से दूंणी अनुसूचित जाति बस्ती के लिए 9.83 हजार की लागत से बनने वाले मार्ग का शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय कृषक कल्याण योजना के तहत लाभार्थियों को चेक वितरित करने के साथ ही पौधारोपण भी किया। उन्होंने जीआईसी गुलियारी के भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान प्रयोगशालाओं, भवन का अनुरक्षण व मरम्मत कार्य का शिलान्यास भी किया। इसकी लागत 48 लाख है। इस अवसर पर राज्य सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष मातवर सिंह रावत, डीसीबी के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत, पैठाणी के मंडल अध्यक्ष अमर सिंह नेगी, प्रभारी सीईओ नागेंद्र बर्त्वाल, कौशल्या भट्ट, वीरेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे।