कोट ब्लाक फुटबाल प्रतियोगिता समिति की पहल पर कोरोना काल के दौरान जान गवाने वालों की स्मृति में फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला कोटसाड़ा की टीम ने जीता। शुक्रवार को प्रतियोगिता में पहला मुकाबला कोट व कठूड और दूसरा मुकाबला च्वींचा व जामणाखाल के बीच खेला जाएगा।
बृहस्पतिवार को खेल मैदान कोट में प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रमुख पूर्णिमा नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखरने का मंच मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति को हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया। ब्लाक कोट फुटबाल प्रतियोगिता आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला देवार और कोटसाड़ा के बीच खेला गया। इसमें निर्धारित समय के दौरान दोनों टीमें 1-1 गोल से बराबरी पर रही। कोटसाड़ा की टीम ने पेनाल्टी शूटआउट में मुकाबला 7-6 से अपने नाम किया। दूसरा मुकाबला केवर्स व कठुली के बीच खेला गया, जिसमें केवर्स 3-1 से विजयी रही। प्रतियोगिता में ललित बिष्ट, रविंद्र रावत व जितेंद्र राणा निर्णायक रहे। कमेंट्री अनिल कुमार ने की। इस दौरान ज्येष्ठ प्रमुख उर्मिला नेगी, सांसद प्रतिनिधि संजय बलूनी, समिति के सचिव राजेंद्र सिंह, अनिल गुर्साइं, धर्मवीर नेगी, दीपक शाह और प्रमोद नेगी आदि मौजूद रहे।