सैलानी और स्थानीय लोग जल्द ही कीर्तिनगर क्षेत्र में अलकनंदा किनारे चहलकदमी कर सकेंगे। राजकीय सिंचाई विभाग ने जाखणी-नैथाणा-रानीहाट-चौरास आस्था पथ का सर्वेक्षण शुरू कर दिया है। यहां बेंच भी बनाए जा रहे हैं।
31 अक्तूबर को चौरास में एक कार्यक्रम में शिरकत करने आए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कीर्तिनगर क्षेत्र में अलकनंदा किनारे आस्था पथ निर्माण की घोषणा की थी। अभी मुख्यमंत्री की घोषणा का जीओ जारी नहीं हुआ है लेकिन घोषणा होते ही सिंचाई विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए नदी किनारे सर्वेक्षण किया जा रहा है। आस्था पथ की चौड़ाई 10 फीट तक किए जाने की संभावना तलाशी जा रही है। इसकी अनुमानित लंबाई लगभग 4 किलोमीटर आंकी गई है। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता वीरपाल भट्ट ने बताया कि वर्तमान में सर्वेक्षण कर इसके डिजाइन का प्रारूप तैयार किया जा रहा है। कुछ स्थानों पर नदी से सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार बनाई गई है।
कोट:
रानीहाट में रेलवे स्टेशन बन रहा है। यहां यात्री रुकेंगे। आस्था पथ यात्रियों को अपनी ओर आकर्षित करेगा। स्थानीय लोग भी सुबह-शाम यहां घूम सकेंगे।-विनोद कंडारी, विधायक देवप्रयाग क्षेत्र
आस्था पथ क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण योजना है। नगर समेत आसपास के क्षेत्र की जनता को इसका लाभ मिलेगा।-कैलाशी जाखी, अध्यक्ष नगर पंचायत कीर्तिनगर