पांच दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन उमा भारती ने किया गंगा पूजन
देवप्रयाग। पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने संगम पर श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर के छात्र-छात्राओं के साथ गंगा पूजन व आरती कर अपने पांच दिवसीय अनुष्ठान का समापन किया। उन्होंने सभी से गंगा की शुद्धता व अविरलता बनाए रखने का आह्वान किया। इस दौरान मां गंगा के जय घोष से संगम स्थल गूंज उठा।
विश्व कल्याण एवं शांति के लिए उमा भारती अपने पांच दिवसीय प्रवास पर श्री रघुनाथ मंदिर देवप्रयाग में ठहरी हुई है। शनिवार को प्रवास के समापन पर साध्वी उमा भारती के आह्वान पर संगम स्थल पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें परिसर के सभी प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
निदेशक प्रो. पीवीबी सुब्रह्मण्यम की अगुवाई में गंगा आरती से पहले 108 छात्रों ने हनुमान चालीसा, रामरक्षा स्तोत्र, गंगाष्टकम, गणेश अथर्वशीर्ष, सिद्ध कुंजिका स्तोत्र आदि का पाठ किया। श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर में संस्कृत शिक्षा की गुणवत्ता व अनुशासन की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि यह परिसर उत्तराखंड के महत्वपूर्ण उच्च शिक्षण संस्थानों में से एक है।
इस मौके पर डाॅ. शैलेंद्र प्रसाद उनियाल, डाॅ. सच्चिदानंद स्नेही, डाॅ. शैलेंद्र नारायण कोटियाल, डाॅ. वीरेंद्र सिंह, डाॅ. अरविंद सिंह गौर, डाॅ. आशुतोष तिवारी, डाॅ. ब्रह्मानंद मिश्र, डाॅ. अनिल कुमार, डाॅ. मनीष शर्मा, डाॅ. अंकुर वत्स, डाॅ. मनीषा आर्या मौजूद रहे।