जनरल मेडिसिन विभाग में पीजी (एमएस) की अनुमति के लिए एनएमसी (राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग) के निरीक्षक ने राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया।
गत वर्ष मेडिकल कॉलेज ने 14 पाठ्यक्रमों में पीजी (एमएस/एमडी) कक्षाओं के संचालन के लिए एनएमसी के समक्ष आवेदन किया था। इस क्रम मेें इस वर्ष फरवरी माह से एनएमसी ने विभागवार कॉलेज का निरीक्षण किया। अब तक 13 निरीक्षण हो चुके थे। शुक्रवार को अंतिम विभाग जनरल मेडिसिन का भी निरीक्षण संपन्न हो गया।
एनएमसी की ओर से भेजे गए निरीक्षक शेख-उल-हिंद महमूद हसन मेडिकल कॉलेज सहारनपुर के प्राचार्य प्रो. अरविंद त्रिवेदी (जनरल मेडिसिन-नेफ्रोलॉजी) ने कॉलेज और संबद्ध बेस अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकालय, लेक्चर हॉल, लैब, वार्डों समेत अन्य विभागों का निरीक्षण किया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत और विभागाध्यक्ष प्रो. कलम सिंह बुटोला ने निरीक्षक के समक्ष संकाय सदस्यों, संसाधनों और अन्य सुविधाओं की जानकारी रखी। उन्होंने बताया कि विभाग में तीन संकाय सदस्य (2 प्रोफेसर व 1 एसोसिएट प्रोफेसर) कार्यरत हैं। इसके अलावा 4 सीनियर रेजीडेंट और 8 जूनियर रेजीडेंट डॉक्टर कार्यरत हैं।