पौड़ी में पत्रकारों से वार्ता करते डीआईसी गढ़वाल केएस नगनियाल।
- फोटो : PAURI
डीआईजी गढ़वाल करन सिंह नगनियाल ने सोमवार को पौड़ी में पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने प्रभारियों को बिना अनुमति थाना नहीं छोड़ने के निर्देश दिए। डीआईजी ने कहा कि चुनावों के मद्देनजर कोतवाली व थाना प्रभारी अवैध शराब की धरपकड़, बाहरी लोगों के सत्यापन व कोविड नियमों के अनुपालन में अहम भूमिका निभाएं। उन्होंने यूपी से लगने वाले क्षेत्र में पूरी चौकसी बरतने के निर्देश दिए।
पुलिस लाइन में आयोजित बैठक में डीआईजी केएस नगनियाल ने कहा कि महिला एवं बाल अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस को विशेष रूप से कार्य करना होगा। इसके लिए जागरूकता अभियान व दर्ज मुकदमों का जल्द निपटारा किया जाए। उन्होंने कोटद्वार क्षेत्र में लंबित मुकदमों की जांच में तेजी लाने को कहा। डीआईजी ने विधानसभा चुनाव को देखते हुए शस्त्र धारकों के सत्यापन और शस्त्रों को जमा करने की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा। डीआईजी ने पुलिस जवानों व अधिकारियों की समस्याएं भी सुनीं। डीईआईजी ने कहा कि उनके स्तर की समस्याओं का जल्द ही निस्तारण कर लिया जाएगा। इस मौके पर एसएसपी पौड़ी यशवंत सिंह चौहान, एएसपी कोटद्वार मनीषा जोशी, सीओ सदर पीएल टम्टा, सीओ श्रीनगर एसडी नौटियाल, कोटद्वार गणेश लाल कोहली, आरआई विपेंद्र सिंह, कोतवाल पौड़ी विनोद गुंसाई आदि मौजूद रहे।