पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले पति को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पति को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपी सास को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पाबौ ब्लाक के ग्राम पंचायत भट्टीगांव स्थित ग्वाड़ीगाड गांव की विवाहिता रश्मि पोखरियाल (28 वर्ष) पत्नी नागेंद्र पोखरियाल का शव विगत 13 जुलाई 2021 को घर में कमरे की छत पर पंखे के कुंडे से लटका मिला था। मामले में मृतका के भाई अंकित कुमार बमराड़ा ने 14 जुलाई को कोतवाली में बहन के उत्पीड़न व आत्महत्या के लिए उकसाने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले में मृतका के पति व सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। साथ ही मामले की जांच पाबौ चौकी प्रभारी को सौंपी थी। सोमवार को कोतवाली पौड़ी के पाबौ चौकी प्रभारी सूरत शर्मा व कांस्टेबल प्रतीक ने पाबौ के समीप से आरोपी पति नागेंद्र पोखरियाल निवासी ग्वाड़ीगाड को गिरफ्तार किया। कोतवाल विनोद गुसाईं ने बताया कि नागेंद्र पोखरियाल को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पौड़ी की अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार खांड्यूसैण भेज दिया गया है। गुसाईं ने कहा कि मामले की अन्य आरोपी सास को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।