औसत अंकों से असंतुष्ट स्नातक के छात्र-छात्राओं के लिए एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय आगामी 21 अक्तूबर से मुख्य/बैक पेपर आयोजित करेगा। विवि ने इसके लिए परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया है।
कोरोना संक्रमण बढ़ने पर गढ़वाल विवि ने विगत 24 अप्रैल के बाद की परीक्षाएं स्थगित कर दी थीं। इन परीक्षाओं का परिणाम विवि ने पूर्व आयोजित परीक्षा के प्राप्तांकों के औसत अंकों के आधार पर अंक प्रदान कर (मुख्य/बैक पेपर) घोषित किया था लेकिन कुछ छात्र-छात्राएं औसत प्राप्तांकों से संतुष्ट नहीं हैं। इसलिए विवि की ओर से असंतुष्ट छात्र-छात्राओं के लिए पूर्व में स्थगित की गई परीक्षा (24 अप्रैल 2021 के बाद की) दोबारा आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा 21 अक्तूबर से शुरू होगी। बीए व बीएससी तृतीय सेमेस्टर और बीए व बीएस पंचम सेमेस्टर की परीक्षा 21 से 30 अक्तूबर तक चलेंगी। विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. अरुण रावत के अनुसार, जो छात्र-छात्राएं अपने मुख्य/बैक पेपर के अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वह अपने-अपने परीक्षा केंद्रों मेें परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इन परीक्षाओं में जो भी अंक छात्र-छात्राओं को मिलेंगे, वही अंतिम रूप से मान्य होंगे।