नरेंद्रनगर वन प्रभाग के माणिकनाथ रेंज के अंतर्गत खरसाड़ा गांव के समीप जंगल से सटे खेतों में आग लगाते हुए वन विभाग ने एक बुजुर्ग को रंगे हाथों पकड़ लिया। आग लगाने के जुर्म में वन विभाग ने बुजुर्ग का चालान करते हुए 15 हजार रुपये जुर्माना लगाया। बाद में बुजुर्ग को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
वन क्षेत्राधिकारी माणिकनाथ देवेंद्र पुंडीर टीम के साथ देवप्रयाग-गजा-चाका मार्ग पर गश्त पर निकले थे कि मरोड़ा गांव के समीप उन्होंने जंगल में दो स्थानों पर सड़क किनारे आग लगी देखी। टीम ने आग को बुझा लिया। कुछ दूर आगे चलकर एक बकरी पालक ने बताया कि शादी से लौट रहा एक व्यक्ति जंगल में आग लगाते हुए चल रहा है। खरसाड़ा गांव के समीप आग लगाते हुए टीम ने उक्त बुजुर्ग को रंगे हाथों पकड़ लिया। बुजुर्ग सुंदर सिंह निवासी ग्राम खरसाड़ा, देवप्रयाग ने गलती मानते हुए लिखित माफीनामा दिया। वन विभाग ने आग लगाने पर बुजुर्ग का चालान कर दिया। रेंजर पुंडीर ने बताया कि यदि समय पर आग नहीं बुझाई जाती, तो आग सिविल/वन पंचायत के जंगलों में फैल जाती। उन्होंने ग्रामीणों से खेतों में आग न लगाने की अपील की।