ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर श्रीयंत्र टापू के समीप बाइक-यूटीलिटी भिड़ंत मामले में मृतक के परिजनों ने यूटीलिटी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कराया, जिसके बाद ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया।
सोमवार शाम बदरीनाथ हाईवे पर श्रीयंत्र टापू (पंच पीपल) के समीप एक बाइक और यूटीलिटी की टक्कर हो गई थी, जिसमें बाइक चला रहा धार पंयाकोटी (कीर्तिनगर) निवासी गुरुमीत पंवार (28) पुत्र मोर सिंह की बुरी तरह जख्मी हो गया। उसे बेस अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन सिर पर गहरी चोट के कारण उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की नवंबर माह में शादी थी। कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया कि मंगलवार सुबह मृतक के चचेरे भाई अनिल पंवार ने यूटीलिटी ड्राइवर नीरज कुमार निवासी जगजीतपुर कनखल (हरिद्वार) के खिलाफ तहरीर दी। अनिल की शिकायत पर ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं, गुरुमीत को अस्पताल में दाखिल कराने वाले हिमालय बचाओ आंदोलन के संयोजक समीर रतूड़ी ने बेस अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि तीन घंटे तक कोई सीनियर डॉक्टर उसे देखने नहीं आया। अस्पताल में एंबुलेंस भी नहीं थी। ब्यूरो