ब्लाक मुख्यालय के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिर्सू में कई दिनों से नल सूखे पड़े हैं, जिस कारण मरीजों और कर्मियों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। जबकि एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में करीब 10 दिनों से पेयजल आपूर्ति न होने से अध्ययनरत छात्राओं को करीब आधा किमी दूर हैंडपंपों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। यहां भीड़ अधिक होने से एक बाल्टी पानी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
गर्मी बढ़ने के साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिर्सू में मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है, लेकिन अस्पताल की पेयजल आपूर्ति ठप होने से मरीजों को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। सीएचसी प्रभारी डा. जिशान अली ने बताया कि कई दिनों तक टैंक में जमा पानी से आपूर्ति हो रही थी, लेकिन अब टैंक खाली होने से तीन दिनों से अस्पताल में आपूर्ति ठप हो चुकी है। इस संबंध में जल संस्थान को अवगत करवाया गया है। बिना पानी के अस्पताल में साफ सफाई करने में समस्या पैदा हो रही है। वहीं दूसरी ओर एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में भी करीब 10 दिनों से पेयजल आपूर्ति न होने पर अध्ययनरत 43 छात्राओं को करीब आधा किमी दूर हैंडपंपों से पानी लाना पड़ रहा है। छात्रा कविता, कंचन, योगिता, निशा, ज्योति, शिवानी सपना आदि ने कहा कि हैंडपंप पर भी लोगों की काफी भीड़ जमा रहती है, जिस कारण एक बाल्टी पानी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। पानी न होने से स्नान करना और कपड़े धुलना भी मुश्किल हो चुका है। ट्रेनिंग सेंटर की ट्यूटर इंचार्ज शिवानी चौहान ने बताया कि समस्या के संबंध में जल संस्थान को अवगत करवाया गया, लेकिन वह भी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
कोट
समस्या के बारे में पता चला है। अभी टैंकर से पानी भेजा जा रहा है। शीघ्र ही कारण का पता लगाकर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। - एसके राय, अधिशासी अभियंता गढ़वाल जल संस्थान पौड़ी।