बेस अस्पताल में नहीं मिले चिकित्सक, भटकते रहे मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। राजकीय बेस अस्पताल में शनिवार सुबह ओपीडी में चिकित्सकों की गैरमौजूदगी से मरीज घंटों भटकते रहे और बिना इलाज कराए लौट गए। अस्पताल खुला होने के बावजूद विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण ओपीडी परिसर सुबह से ही सुनसान दिखाई दिया।
दूरदराज क्षेत्रों से आए इलियास अंसारी, साबिया और अनु ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अस्पताल में किसी भी डॉक्टर की उपलब्धता को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी। जानकारी करने पर पता चला कि सर्जन डॉ. मयंक नौटियाल ट्रेनिंग पर हैं, जबकि डॉ. अमन अग्रवाल (ईएनटी) और डॉ. सतीश कुमार (सर्जन) अवकाश पर चल रहे हैं। वहीं अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक जैन ऑपरेशन में व्यस्त थे। अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक भी वार्ड राउंड में होने से ओपीडी में उपलब्ध नहीं हो पाए, जिससे बड़ी संख्या में आए मरीजों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। वहीं, बेस अस्पताल के एकमात्र नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश कुमार सिंह दा दिसंबर तक अवकाश पर हैं। ऐसे में स्थनीय और दूरदराज क्षेत्रों के मराजों को दिक्कत हो सकती है।