श्रीनगर शहर में हाईवे चौड़ीकरण में अनियमितताओं की जिलाधिकारी पौड़ी जांच करेंगे। गढ़वाल मंडल आयुक्त रविनाथ रमन ने डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे को जांच के निर्देश दिए हैं। आरटीआई कार्यकर्ता ने राजमार्ग चौड़ीकरण में अनियमितता की शिकायत की थी। आयुक्त रमन ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे का चौड़ीकरण कार्य गतिमान है। श्रीनगर में हाईवे चौड़ीकरण कार्य पर आरटीआई कार्यकर्ता संतोष ममगाईं ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने एनएच चौड़ीकरण कार्य को लापरवाही से भरा और अनियमिततापूर्ण बताया है। ममगाईं ने आयुक्त गढ़वाल मंडल से मामले की शिकायत की थी। उन्होंने आयुक्त को भेजी शिकायत में कहा था कि श्रीनगर में राजमार्ग चौड़ीकरण कार्य लोनिवि एनएच खंड व प्रशासन की लापरवाही से मूल उद्देश के विपरीत किया गया है। आरटीआई कार्यकर्ता ने बताया कि राजमार्ग के दोनों ओर 0.50 मीटर (यूटीलिटी स्पेस) व 1 मीटर कवर्ड ड्रेन के ऊपर फुटपाथ बनाया जाना था लेकिन कई स्थानों पर कवर्ड ड्रेन बनाई ही नहीं गई तो फुटपाथ का तो सवाल ही नहीं आता है। ममगाईं ने बताया कि एनएच खंड लोनिवि ने खानापूर्ति के लिए 69 लोगों को नोटिस जारी किया लेकिन कार्रवाई कोई नहीं की है।