श्रीनगर में मेला समाप्ति के एक सप्ताह बाद भी मेला स्थल में इस तरह से फैला है कूड़ा --------- सं
बैकुंठ चतुर्दशी मेला समाप्त होने के छह दिन बाद भी नहीं हटा कूड़ा
श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेला समाप्त हुए छह दिन हो गए है लेकिन नगर निगम श्रीनगर ने मेला स्थल की सफाई नहीं करवाई है। अभी भी मेला स्थल पर कूड़ा पटा हुआ है। जगह-जगह फैली गंदगी से स्थानीय लोगों में नगर निगम के खिलाफ नाराजगी है।
भक्तियाना निवासी दिनेश उनियाल, गजेंद्र मैठाणी, राकेश रावत व राजेश ने बताया कि आवास विकास निगम की खाली पड़ी भूमि पर 25 नवंबर को शुरू हुए सात दिवसीय बैकुंठ चतुर्दशी मेले की एक दिसंबर को विधिवत समाप्ति की घोषणा की गई, लेकिन मेले में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मेला स्थल पर दुकानदारों को पांच दिसंबर तक दुकान सजाने का अनुमति दी।
लोगों ने बड़ी संख्या में मेले में खरीददारी की। अब मेला संपन्न हुए छह दिन का समय बीत चुका है लेकिन मेला स्थल की अभी तक सफाई नहीं हो पाई है। जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। पॉलिथीन के खाली बैग और कूड़ा अटा होने से स्थानीय लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। लोगों का आरोप है कि मेला स्थल की सफाई करवाने के लिए नगर निगम प्रशासन को अवगत करवाया गया है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
कुछ दुकानदारों का सामान मेला स्थल पर होने के कारण सफाई नहीं हो पाई, एक दो दिन में मेला स्थल को पूरी तरह साफ करवा दी जाएगी।
रविराज बंगारी, सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम श्रीनगर