शिकायत के बाद भी नहीं हो रहा समस्या का समाधान
श्रीनगर। कीर्तिनगर ब्लॉक के करीब छह गांवों में बिजली के जर्जर पोल और झूलती तारों से लोग परेशान हैं। लोगों का कहना है कि इससे खतरा बना हुआ है। उन्होंने ऊर्जा निगम पर शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं करने का आरोप लगाया है। कहा कि विभाग की उपेक्षा के चलते ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्राम प्रधान अमोली सुनील सेमवाल, दिनेश भंडारी, प्रकाश चंद, शिव सिंह, दीवान सिंह ने बताया कि अमोली के साथ धौडंगी, तोणखंड, रिसकोटी सहित आधा दर्जन गांवों में बिजली की लाइन मौत बनकर गुजर रही है। अमोली में बिजली के ट्रांसफार्मर के नीचे की दीवार टूट चुकी है, जिससे ट्रांसफार्मर कभी भी गिर सकता है। इसी तरह धौणगी, तोणखंड व सिरकोटी आदि गांव में करीब एक दर्जन खंभे नीचे से सड़कर खोखले हो चुके हैं। कई स्थानों पर हाईटेंशन लाइन घर और खेतों के ऊपर से झूल रही है। जिन्हें सुधारने के लिए ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को अवगत कराने के साथ उन सभी जगहों पर गुहार लगाई है जहां से उनकी समस्या का समाधान हो सकता है।
मामला मेरे संज्ञान में है। लाइन के सर्वे का कार्य कर लिया गया है। बिजली के पोल को बदलने के लिए इस्टीमेट तैयार किया गया है। जल्द ही बिजली के खंभे बदलने के साथ तारों को कसने का काम शुरू होगा।
वाईएस तोमर, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड श्रीनगर