पौड़ी में पत्रकारों के वार्ता करते पूर्व विदेश निवेश सलाहकार गणेश चंद्रा।
- फोटो : PAURI
भाजपा नेता व पूर्व विदेशी निवेश सलाहकार गणेश चंद्रा ने कहा कि पहाड़ों में रोजगार को बढ़ाने के लिए खेती को कॉरपोरेट से जोड़ना आवश्यक है। इसके लिए प्रयास भी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले के पेडुलस्यूं क्षेत्र में संस्कृति विवि व फूड प्रोसेसिंग प्लांट भी स्थापित किया जाएगा। कहा कि मंडल मुख्यालय में पर्यटन की अपार संभावनाओं को अवसर में बदलने के लिए विदेशी निवेश पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा।
यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा नेता व पूर्व विदेशी निवेश सलाहकार आईआईटीयन गणेश चंद्रा ने बताया कि वर्ष 2005 में अबूधाबी में तत्कालीन मुख्यमंत्री नारायणदत्त तिवाड़ी का प्रवासी उत्तराखंडियों ने भव्य स्वागत किया। तब उन्होंने मुझे उत्तराखंड में विदेश निवेश सलाहकार नियुक्त किया। इस दौरान नौकरी की जिम्मेदारी के साथ-साथ उत्तराखंड में 178 करोड़ से अधिक का विदेशी निवेश लाने में विशेष कार्य किया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की संस्कृति के संरक्षण के लिए 200 नाली भूमि पर संस्कृति विवि और दो बीघा जमीन पर फूड प्रोसेसिंग प्लांट बनाने की कार्ययोजना का कार्य अंतिम चरण में है। इस दौरान चंद्रा ने पौड़ी विधान सभा सीट से दावेदारी भी पेश की। कहा कि पार्टी ने मौका दिया, तो देश-विदेश में किए कार्यों के अनुभव, पार्टी के विजन को धरातल पर उतारा जाएगा। विदेश निवेश को खासतौर पर पहाड़ों में लाया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व प्रमुख पाबौ गेंदा लाल, बचन सिंह रावत और मनवर सिंह रावत आदि मौजूद रहे।