पौड़ी। परिवहन विभाग की ओर से ओवर लोडिंग पर दो वाहन चालकों के खिलाफ कोतवाली पौड़ी में मुकदमा दर्ज कराया गया है, जबकि 16 वाहन चालकों के चालान किए गए हैं। एआरटीओ द्वारिका प्रसाद ने बताया कि मैक्सी कैब वाहन में दो बच्चों सहित 15 लोग सवार थे।
पौड़ी में बुधवार को अपर जिलाधिकारी रामजी शरण शर्मा के नेतृत्व में ओवर लोडिंग वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इसमें सबसे पहले देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर मैक्सी कैब वाहन को रोकर उसकी जांच की गई तो पता चला कि वाहन में दो बच्चों सहित 15 सवारियां बैठी थीं। एआरटीओ द्वारिका प्रसाद ने कहा कि इससे यात्रियों की जान माल का खतरा बना था। इसे देखते हुए वाहन चालक ओजली निवासी विमल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि एक अन्य मामले में टेका रोड पर एक अन्य मैक्सि कैब वाहन ओवर लोडिंग मिला। इस वाहन के चालक तुनकिया झाझर पट्टी निवासी संदीप के खिलाफ भी कोतवाली पौड़ी में मुकदमा दर्ज कराया गया है। अभियान के दौरान परिवहन कर अधिकारी राजेंद्र भी मौजूद रहे।