पिथौरागढ़। चोरी-छिपे नदियों का सीना चीर कर अवैध खनन कर रहे रेत, बजरी माफिया के खिलाफ अब पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। आंतरिक मार्गों पर जहां छिपाकर रखे गए रेत को जेसीबी से मिट्टी में मिलाया जा रहा हैं वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग की कमान खुद कप्तान और सीओ ने संभाल ली है। मंगलवार रात 11 बजे अवैध खनन में छह टिप्परों को सीज किया गया है।
अवैध खनन को रोकने के लिए मंगलवार रात एसपी रामचंद्र राजगुरु और पुलिस उपाधीक्षक शेखर चंद्र सुयाल ने पिथौरागढ़-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऐंचोली से घाट तक अभियान चलाया। इस दौरान छह टिप्परों को सीज किया गया। टिप्परों को रात में ही पुलिस लाइन में खड़ा करा दिया। सीओ ने बताया कि कोतवाली में वाहन स्वामियों के खिलाफ धारा 379, 411 और खनन अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।