पौड़ी। कोटद्वार में वकील की हत्या के बाद पूरे जिले में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। हत्यारों के मोटरसाइकिल से आने की जानकारी के बाद दोपहिया वाहनों को सघन छानबीन के बाद रवाना किया जा रहा है। इसके अलावा जिले भर में बस, टैक्सी और अन्य वाहनों में भी तलाशी की गई। पौड़ी में भी पुलिस ने वाहनों की चेकिंग के अलावा होटलों में भी छापेमारी की। हत्यारों का सुराग जुटाने के लिए पौड़ी कोतवाली इंस्पेक्टर प्रमोद उनियाल भी देर शाम कोटद्वार रवाना हुए।
हत्या की घटना की सूचना लगते ही एसएसपी जगतराम जोशी बुधवार को पौड़ी से कोटद्वार के लिए रवाना हुए। एसएसपी ने बताया कि हत्यारों की धरपकड़ के लिए पूरे जिले की पुलिस को सतर्क कर दिया गया है। हरिद्वार, देहरादून जिलों के अलावा यूपी पुलिस को भी घटना के बारे सूचित कर हत्यारों को पकड़ने में मदद ली जा रही है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में होटल, धर्मशालाओं और अन्य संदिग्ध स्थानों में सघन तलाशी अभियान चलाएं। एसएसपी के निर्देेश पर पौड़ी पुलिस ने भी श्रीनगर रोड, कोटद्वार रोड, देवप्रयाग रोड के अलावा शहर के भीतर भी होटल, धर्मशालाओं और वाहनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी ने बताया कि हत्यारों के बारे में ठोस सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।