पौड़ी तहसील के सौड़ गांव में ग्रामीण के घर पर इस तरह पड़ी है दरार।
- फोटो : PAURI
रेल परियोजना के तहत सुरंग निर्माण के लिए हो रहे धमाकों ने सौड़ गांव के लोगों की नींद उड़ा दी है। धमाकों से कई घरों में दरारें आ गई हैं। वहीं, लोगों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने गांव में संयुक्त टीम को निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।
गांव के ठीक नीचे कर्णप्रयाग-ऋषिकेश रेल लाइन की सुरंग का कार्य चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सुरंग के लिए विस्फोट किए जा रहे हैं। इससे भूकंप जैसे झटके आ रहे हैं। इससे गांव के कई घरों में दरारें पड़ गई हैं। इस संबंध में लोगों ने जिलाधिकारी पौड़ी विजय कुमार जोगदंडे को शिकायत भेजी है। दुर्गी देवी, गिरीश चंद्र टोडरिया, सुधीर टोडरिया, विजेंद्र टोडरिया, दीवान सिंह नेगी, नकुल नेगी, रघुवीर नेगी व राजेंद्र नेगी ने बताया कि निर्माण कार्य में रेलवे नियम विरुद्ध विस्फोटकों का प्रयोग कर रहा है। कई घरों में दरारें आने से लोगों में दहशत का माहौल है। अनहोनी के डर से लोग अपने घरों में सो भी नहीं रहे हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से घरों को पहुंची क्षति का मुआवजा दिए जाने के साथ ही सुरक्षा के लिए ठोस उपाय करने की मांग की है।
-
ग्रामीणों की सभी शिकायतों के निस्तारण व निर्माण कार्यों की जांच के लिए संयुक्त टीम गठित की गई है। टीम को गांव के निरीक्षण के निर्देश दे दिए गए हैं। टीम की रिपोर्ट के आधार पर जल्द निर्णय लिया जाएगा। -डा. विजय कुमार जोगदंडे, डीएम पौड़ी।