श्रीनगर उपजिला चिकित्सालय में बाल रोग विशेषज्ञ के यहा इस तरह लगी मरीजों की भीड़।
- फोटो : SHRINAGAR
बदलते मौसम मेें बच्चे वायरल बुखार से पीड़ित हो रहे हैं। उप जिला अस्पताल में अन्य दिन जहां 30 से 40 बच्चे आते हैं। इन दिनों 100 से ऊपर बच्चे स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अस्पताल आ रहे हैं। अधिकांश बच्चे वायरल बुखार से पीड़ित हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने वायरल से बचाव के लिए ठंडी चीजें और तले-भुने खाने से बचने की सलाह दी है।
उप जिला अस्पताल में रोजाना ओपीडी मेें लगभग 300 मरीज आते हैं। इनमें 30 से 40 बच्चों की संख्या होती है लेकिन इन दिनों ये संख्या 100 से ऊपर पहुंच चुकी हैं। अधिकांश बच्चे गले में दर्द, खांसी, नाक बहने, सीने में दर्द और बुखार से पीड़ित हैं। अस्पताल के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गोविंद पुजारी का कहना है कि इन दिनों मौसम बदल रहा है। ऐसे में बच्चे वायरल बुखार से पीड़ित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को ठंडे पानी के बजाय सामान्य या गुनगुना पानी दिया जाए। फास्ट फूड और तले-भुने खाद्य पदार्थों से बचें। फल का जूस निकालने के बजाय काटकर फल खाएं जाएं।