शंकरपुर-बसेड़ी-हल्दूखाल मोटर मार्ग के दोनों ओर उगी झाड़ियां, पुश्ते व स्क्रपर क्षतिग्रस्त
अब तक नहीं हटाया गया मलबा, जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे ग्रामीण
शंकरपुर-बसेड़ी-हल्दूखाल मोटर मार्ग के दोनों ओर उगी झाड़ियां, पुश्ते व स्क्रपर क्षतिग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। नैनीडांडा ब्लॉक के अंतर्गत शंकरपुर-बसेड़ी-हल्दूखाल मोटर मार्ग के दोनों ओर उगी झाड़ियों कटान नहीं हो पाया है। साथ ही पुश्ते व स्क्रपर क्षतिग्रस्त पड़े हैं। बरसात में आए मलबे की भी सफाई नहीं हो सकी है। इस कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बखरोटी के पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह रावत, महिपाल सिंह, प्रेम सिंह, ध्यान सिंह, जमन सिंह आदि ने बताया कि 90 के दशक में शंकरपुर-बसेड़ी-हल्दूखाल मोटर मार्ग बनना शुरू हुआ था। 35 साल बाद भी इस मार्ग का डामरीकरण नहीं हो पाया है। मार्ग पर बरसात से स्क्रपर बंद और करीब 20-25 पुश्ते क्षतिग्रस्त पड़े हैं। विभाग ने महज एक पुश्ते का ही निर्माण किया। बसेड़ी व गंगोली गांव के बीच कई जगह बरसात में आए मलबे को भी अभी तक नहीं हटाया गया है।
वहीं शंकरपुर से भुंड गांव तक 18 किमी. सड़क की हालत सबसे ज्यादा खराब है। स्थिति यह है कि ग्रामसभा गौला के गौला तल्ला, मल्ला व बिचला, छोटा, कमेड़ा मल्ला, तल्ला, भूंड, गंगोली, कोटधार गांव आदि के ग्रामीण पैदल आवाजाही को मजबूर हैं। स्कूली बच्चे, बीमार, बुजुर्ग व महिलाएं परेशान हैं। शंकरपुर से भुंड गांव क्षेत्र काॅर्बेट पार्क से सटा हुआ है। सड़क के दोनों ओर उगी झाड़ियों से लोगों को पैदल आवाजाही के दौरान जंगली जानवरों का खतरा बना हुआ है। मार्ग पर उगी झाड़ियां कटवाने, क्षतिग्रस्त पुश्तों का निर्माण व बरसात में आए मलबे की सफाई कराने की मांग की है।
.
बरसात से क्षतिग्रस्त शंकरपुर-बसेड़ी-हल्दूखाल मोटर मार्ग समेत कई अन्य सड़कों के लिए आपदा मद में बजट की डिमांड की जा रही है। बजट मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
- विवेक कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि लैंसडौन।
जारी
अशोक केष्टवाल