विकास खंड कीर्तिनगर के ढुंडसिर क्षेत्र में बीएसएनएल की संचार सेवा दो सप्ताह बाद बहाल हो गई। कनेक्टिविटी के अभाव में क्षेत्र के लोग खासे परेशान थे। कई बार शिकायत करने पर भी किसी ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया।
अमर उजाला ने अपने सोमवार के अंक में ढुंडसिर के गांवों में संचार सेवा ठप शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद हरकत में आए बीएसएनएल के अधिकारियों ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समस्या का निराकरण किया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि शुरू में बीएसएनएल ने लोगों को अच्छी सेवा दी, लेकिन कुछ समय बाद टावर में आए दिन खराबी आनी शुरू हो गई। वर्तमान में भी बीएसएनएल का टावर कई दिनों से ठप पड़ा था। ग्रामीणों का आरोप था कि समस्या के संबंध में कई बार बीएसएनएल के अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत करवाया गया, लेकिन किसी ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया।
डाकघर के पोस्टमास्टर गबर सिंह पंवार ने बताया कि करीब दो सप्ताह से कनेक्टिविटी न होने से डाकघर में लेनदेन नहीं हो पा रहा था, जिससे दूर दराज गांवों से पहुंचे ग्रामीण खाली हाथ लौट रहे थे। जबकि आजकल शादी समारोह का सीजन होने से लोगों को पैसों की सख्त जरूरत है। समस्या के संबंध में कई बार बीएसएनएल के अधिकारियों और कर्मचारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन किसी ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। ग्रामीण हुकम सिंह, भूपेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, विक्रम सिंह, प्रेम सिंह आदि ने अमर उजाला का आभार जताया है।