पौड़ी। भारत संचार निगम लिमिटेड की संचार व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर डीएम डॉ. आशीष चौहान ने जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में बीएसएनएल के उच्च अधिकारियों की बैठक ली। जिलाधिकारी ने उप-जिलाधिकारियों को टाॅवर की स्थापना के लिए चिह्नित की गई 73 साइट का स्थलीय निरीक्षण करने को कहा। साथ ही उक्त स्थलों पर हुए सिविल वर्क व इलेक्ट्रिकल वर्क की प्रगति आख्या एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
शुक्रवार को समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में जो भी संचार सुविधा से वंचित क्षेत्र है, उनको संचार सुविधा से आच्छादित करना उनकी मुख्य प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने बीएसएनएल के अधिकारियों को कहा जिन 73 साइटों को टाॅवर निर्माण के लिए चिन्हित किया गया है उन स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर टॉवर स्थापित करना सुनिश्चित करें। कहा कि जिन 11 स्थानों पर विद्युत संयोजन की स्थापना के लिए 2 लाख रूपए से अधिक की लागत के प्रस्ताव प्राप्त हुए है। इस संबंध में आवश्यक फंड की व्यवस्था के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किए जाने की बात कही। शेष टॉवरों की स्थापना की निर्धारित समयावधि माह दिसंबर तक तक हर हाल में पूरा करना सुनिश्चित करें। बीएसएनएल के अधिकारियों ने बताया कि चिंहित 73 स्थलों में से 48 स्थलों पर टॉवर खड़े किये जाने का कार्य पूरा कर लिया गया हैं। जिसमें से 45 साइटों पर इलेक्ट्रीकल वर्क भी पूर्ण हो चुका है, जबकि 23 पर 4जी नेटवर्क सुविधा सुचारु कर दी गई है।
बैठक में एजीएम बीएसएनएल श्रीनगर अश्वनी कुमार, एसडीओ विद्युत गोविंद रावत, जेटीओ सीएम अमन ठाकुर, जेटीओ पौड़ी सुमित कुमार शर्मा, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, ईडीएम सचिन भट्ट आदि मौजूद रहे।