श्रीनगर। कीर्तिनगर ब्लॉक के हिंसरियाखाल क्षेत्र के बरसोली गांव में व्रत तोड़ का आयोजन किया गया। लोगों ने मां शारदा देवी का हवन यज्ञ के साथ पूजन एवं भजन कीर्तन किया।
बरसोली गांव में प्रत्येक साल इगास के दूसरे दिन व्रत तोड़ का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर गांव में स्थित शारदा देवी मंदिर में विधि-विधान के साथ हवन एवं पूजन किया जाता है। सुबह गांव से कुछ दूरी पर छौड़ा से बबला घास लेकर उससे करीब 50 मीटर से अधिक लंबा रस्सा बनाया जाता है, जिसमे प्रत्येक परिवार की भागीदारी होती है।
उसके बाद इस रस्से को प्राचीन पानी के नऊ (पानी का कुएं) में नहलाकर इसका आधा हिस्सा मां शारदा देवी मंदिर पर लपेटा जाता है, जबकि आधे हिस्से को गांव के बड़े खेत में ले जाकर रस्साकशी की जाती है। इसमें गांव की महिलाएं व पुरुष बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। इसके बाद रस्से को काटकर इसे प्रसाद के रूप में वितरित किया जाता है। इस मौके पर मेधनीधर उनियाल, कुशलानंद बडोनी, दिनेश उनियाल, मोहन लाल, माधव प्रसाद, सुरेश प्रसाद, चन्द्रधर, पंकज उनियाल, पूर्वा नंद उनियाल, रेबाधर, फरशराम, लाखीराम, शंकर मणि पांडेय आदि मौजूद रहे।