उत्तराखंड में ज्योतिष विद्या के प्रचार-प्रसार के लिए हिमालय ज्योतिष परिषद की ओर से यहां एक दिवसीय ज्योतिष सम्मेलन आयोजित हुआ। इस मौके पर ज्योतिष विद्या की विभिन्न विधाओं पर चर्चा की गई।
शनिवार को कमलेश्वर महादेव मंदिर में सम्मेलन का शुभारंभ विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, अति विशिष्ट अतिथि पूर्व राज्यमंत्री दर्जाधारी अतर सिंह असवाल और विशिष्ट अतिथि डॉ. बीपी नैथानी ने किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने ज्योतिष शास्त्र के तीन अंगों गणित, होरा और संहिता के पहलुओं की जानकारी दी। संचालन करते हुए परिषद के अध्यक्ष भाष्करानंद अंथवाल ने ज्योतिष शास्त्र के वैज्ञानिक पहलुओं को लोगों के समक्ष रखा। डॉ. प्रकाश चमोली, पंडित राकेश थपलियाल और आचार्य दिनेश प्रसाद जोशी आदि ने ज्योतिष के महत्व के बारे में बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गंगा आरती के अध्यक्ष प्रेम बल्लभ नैथानी ने की। इस अवसर पर व्यापार सभा जिलाध्यक्ष वासुदेव कंडारी, विद्या मंदिर श्रीकोट के प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती, राजीव विश्नोई, उम्मेद मेहरा, मुकेश चमोली, डॉ. मॉरिशा पंवार, बृजमोहन बिष्ट, डॉ. डीपी तोमर और जगदीश नैथानी आदि मौजूद थे।