कैलाश अस्पताल देहरादून में चल रहा था उपचार
परिजनों ने चौरास क्षेत्र के एक निजी क्लीनिक पर उपचार में लापरवाही का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। ब्लॉक कीर्तिनगर के चौरास क्षेत्र के एक युवक की डेंगू से मौत हो गई। युवक का कैलाश अस्पताल देहरादून में उपचार चल रहा था और बीते 11 अक्तूबर को उसने दम तोड़ दिया। वहीं परिजनों ने चौरास क्षेत्र के एक निजी क्लीनिक पर उपचार के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया और स्वास्थ्य विभाग से क्लीनिक के पंजीकरण को निरस्त करने की मांग की। वहीं बेस अस्पताल श्रीकोट में डेंगू से अभी तक दो लोगों की मौत हो चुकी है।
कीर्तिनगर ब्लाॅक के चौरास क्षेत्र स्थित मंजकोट द्वारी निवासी विनोद चौहान की बीते 5 सितंबर को तबीयत खराब हुई। वह क्षेत्र के एक निजी क्लीनिक में गया जहां जांच में विनोद को डेंगू होने की पुष्टि हुई। क्लीनिक से उसे दवाइयां दी गईं और वह घर चला गया। इसके बाद उसकी तबीयत और खराब हो गई। परिजनों ने छह अक्तूबर को उसे बेस अस्पताल श्रीकोट में भर्ती कराया जहां से उसे 9 अक्तूबर को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे जॉलीग्रांट अस्पताल ले गए लेकिन यहां आईसीयू में बेड नहीं मिलने पर मरीज को कैलाश अस्पताल देहरादून में भर्ती कराया गया। बीते 11 अक्तूबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई जितेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि विनोद को वेंटीलेटर पर रखा गया था। आरोप लगाया कि चौरास क्षेत्र के क्लीनिक ने भाई के उपचार में लापरवाही बरती है। विनोद की ऑटोमोबाइल डेकोरेशन की दुकान है। उसकी पत्नी व एक डेढ़ साल की बेटी है। वहीं सीएमओ टिहरी डाॅ. मनु जैन का कहना है कि उक्त मामले में अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।