देवप्रयाग। भागीरथी व अलकनंदा नदी पर तीन पुलों के निर्माण के लिए लोनिवि की टीम ने सर्वे किया। टीम ने कहा कि जल्द पुलों के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेज दी जाएगी।
पुल निर्माण के लिए गठित लोनिवि टिहरी की टीम ने बुधवार को नगर के विभिन्न स्थानों पर सर्वे किया। विभाग के सहायक अभियंता सौरभ चौहान ने बताया कि पुलों के निर्माण के लिए नाप जोख की गई है। भागीरथी नदी पर 80 मीटर स्पान हल्का वाहन पुल का निर्माण किया जाएगा। साथ ही वर्ष 2013 की आपदा में क्षतिग्रस्त जोगीवाड़ा सड़क का भी निर्माण होगा। पुल निर्माण से यात्री व पर्यटक वाहन से सीधे संगम व रघुनाथ मंदिर तक पहुंच सकेंगे, जबकि टोडेश्वर टापू से होकर बनने वाले दो पुल 152 मीटर स्पान के होंगे, जो पौड़ी रोड से सीधे मंदिर मोहल्ले से जुडे़ंगे। सहायक अभियंता चौहान ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट शासन को सौंपे जाने के बाद पुलों की डीपीआर तैयार की जाएगी। इस मौके पर जेई कमलेश, शशि ध्यानी, मैचंद सिंह रावत, मुकेश ध्यानी, रेखा भट्ट और अतुल कोटियाल आदि मौजूद थे।