पौड़ी। नेहरू युवा केंद्र पौड़ी की ओर से युवाओं के लिए शिक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें युवाओं ने गोष्ठी, सवाल-जवाब व परिचर्चा के माध्यम से शिक्षा, करियर, देश व संविधान सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख गेंदा लाल ने कहा कि युवा राष्ट्र की धरोहर हैं, इन्हें सही समय पर सही दिशा दिए जाने की आवश्यकता होती है।
विकास खंड पाबौ सभागार में शिक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख पाबौ गेंदा लाल ने किया। उन्होंने युवाओं को छोटे-छोटे मूल्यों को संजोकर जीवन में संघर्ष के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया। खंड विकास अधिकरी प्रवीण भट्ट ने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर कार्य किए जाने को प्रोत्साहित किया। एनसीसी समन्वयक उत्तम सिंह रावत ने जीवन में अनुशासन, लगनशीलता और सैन्य सेवा में युवाओं से आगे आने की अपील की। कार्यक्रम में युवा मंडल पाबौ, सिमखेत, चोपडियूं, कोटली, भटुंडा, कोटा व सरणा ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम समन्वयक अनिकेत नौटियाल ने किया। इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी नंदलाल कुलरा, एसआई अजय कुमार, रमेश चंद्र, संदीप बिजल्वाण, सुमनलता व रवेंद्र आदि मौजूद थे।