पौड़ी। जिला महिला चिकित्सालय पौड़ी व पीएचसी कोट को सांत्वना पुरस्कार मिला । इन चिकित्सालयों को यह सम्मान चिकित्सालय में स्वच्छता, साफ-सफाई व संक्रमण नियंत्रण की दिशा में सराहनीय कार्य के लिए दिया गया है। पुरस्कार राशि का आधा हिस्सा अधिकारी-कर्मचारियों में वितरित किया जाएगा, जबकि आधा हिस्सा अस्पताल के रख-रखाव में खर्च किया जाएगा।
भारत सरकार की कायाकल्प योजना में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले संस्थानों को देहरादून में आयोजित सादे समारोह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पुरस्कृत किया। पौड़ी जनपद के जिला महिला चिकित्सालय की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. मेघना असवाल कोे 3 लाख और पीएचसी कोट के प्रभारी चिकित्साधिकारी को 2 लाख रुपए की पुरस्कार राशि के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. मेघना असवाल ने बताया कि पुरस्कार में प्रदान राशि का आधा भाग अधिकारी-कर्मचारियों में वितरित किया जाएगा। और आधे हिस्से को चिकित्सालय के रख-रखाव में उपयोग किया जाएगा।