पौड़ी। नागरिक कल्याण मंच ने पर्यटन नगरी पौड़ी को चारधाम यात्रा से जोड़े जाने की मांग की है। मंच ने गढ़वाल आयुक्त को इस मामले में ज्ञापन सौंपा। कहा कि यात्री देवप्रयाग से पौड़ी होकर चारधाम यात्रा से पर्यटन नगरी को जोड़ा जाना चाहिए।
नागरिक कल्याण मंच के प्रतिनिधि मंडल ने गढ़वाल आयुक्त बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने मुलाकात की। इस मौके पर मंच के अध्यक्ष रघुवीर सिंह व महासचिव केदार सिंह गुसांई ने कहा कि पौड़ी को चारधाम यात्रा रुट से जोड़ने से यात्रियों को काफी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि पौड़ी शहर के आस- पास के क्षेत्रों में क्यूंकालेश्वर मंदिर, झंडीधार, रांसी स्टेडियम, डांडा नागराजा मंदिर सहित अनेक तीर्थ व पर्यटन स्थल हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में लैंसडोन-पौड़ी-खिर्सू को पर्यटन सर्किट के रुप में घोषित किया गया था, लेकिन आज तक पर्यटन सर्किट को विकसित करने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। इस अवसर पर मंच के प्रवक्ता भगवान सिंह टम्टा, मकान सिंह, श्रीधर सिंह, प्रशांत, मनवर सिंह सत्य प्रकाश धस्माना, अरविंद रावत, भगवान नेगी, झाबर सिंह आदि मौजूद थे।