बैकुंठ चतुर्दशी मेले में आयोजित होने वाले श्रीनगर स्टार नाइट (श्रीनगर के सितारे) कार्यक्रम के प्रतिभागियों के नाम घोषित हो गये हैं। 13 प्रतिभागियों के बीच 18 नवंबर को श्रीनगर के सितारे (गायन और नृत्य) बनने के लिए मुकाबला होगा।
शहर में 10 नवंबर से ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला शुरू होने जा रहा है। हर साल की भांति इस बार भी मेले में श्रीनगर स्टार नाइट कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उक्त कार्यक्रम के लिए प्रतिभागियों का ऑडिशन में चयन किया गया। मेले के मीडिया प्रभारी महेश गिरि ने बताया कि नृत्य में 6 प्रतिभागियों काकुल नेगी, निहारिका बिष्ट, अंकिता नैथानी, हिमांशु, सौरव प्रभाकर और राधिका रावत का चयन किया गया। जबकि गायन में शालिनी बहुगुणा, अंजली खरे, आदित्य नेगी, स्वरित कृष्णा, वसुधा गौतम, अनिरुद्ध चंदोला व दीपिका भंडारी का चयन हुआ। 18 नवंबर को सिंगिंग और डांसिंग का फाइनल राउंड होगा। इसमें दोनों विधाओं में से एक-एक स्टार का चुनाव किया जाएगा।
नृत्य में उपासना भट्ट, इंशात शर्मा व सुनील रावत और गायन में वीर लाल, वीरेंद्र रतूड़ी व डॉ मनीषा भट्ट निर्णायक रहे। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष पूनम तिवाड़ी, स्टार नाइट प्रभारी अनूप बहुुगुणा व सह प्रभारी आयुष मियां, सभासद पूजा गौतम, विनोद मैठाणी, विभोर बहुगुणा, राकेश सेमवाल, विनीत पोस्ती आदि मौजूद थे।