हल्द्वानी। मोटाहल्दू बकुलिया स्थित झोपड़ी में दबंगों ने रविवार की शाम घुसकर तीन महिलाओं सहित सात मजदूरों को पीटकर घायल कर दिया। लालकुआं पुलिस ने घायल मजदूरों का बेस अस्पताल में इलाज कराया गया।
बरेली जिले के शेरगढ़ और बहेड़ी के मजदूर मोटा हल्दू बकुलिया में झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। मजदूरों का कहना है कि रविवार को वे गौला नदी में एक व्यक्ति का पैसा लेकर डंपर में उपखनिज भर रहे थे। इस बीच दूसरे व्यक्ति ने अपना डंपर भरने के लिए दबाव बनाया लेकिन मजदूरों का कहना था कि पहले जिसका पैसा लिया है उसी का माल भरेंगे। इस बीच को दूसरे डंपर मालिक का पारा चढ़ गया। आरोप है कि शाम को मजदूर झोपड़ी में आराम कर रहे थे। इस बीच दूसरा डंपर मालिक अपने समर्थकों को लेकर मजदूरों की झोपड़ी में घुस गया।
दबंगों ने महिला और पुरुष मजदूरों की जमकर पिटाई कर दी। हमले में देवीदास, रामेश्वर, श्याम बिहारी, देवीदास की पत्नी संतोषी, राम बिहारी की पत्नी नैना, रामेश्वर की पत्नी राधिका और होरीलाल घायल हो गए। मजदूरों का अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। इस बारे में लालकुआं थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।