लालकुआं (नैनीताल)। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शुक्रवार को लालकुआं सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन किया। उन्होंने कहा कि वह अंतिम सांस तक क्षेत्र की सेवा करते रहेंगे। यह चुनाव क्षेत्र और उत्तराखंड के भविष्य के अस्तित्व से जुड़ा हुआ है।
हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर विकास विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, अंतरराष्ट्रीय चिड़ियाघर, अंतरराज्यीय बस अड्डा, मिनी स्टेडियम जैसे तमाम विकास कार्यों को अपने शासनकाल में रोक दिया है। कांग्रेस सत्ता में आते ही इन विकास कार्यों को आगे ले जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गुजरात का समोसा आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में जाता है, उसी प्रकार अपने मडुवे और अन्य उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाएंगे।
इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, हरीश चंद्र दुर्गापाल, हरेंद्र बोरा, सरदार गुरदीप सिंह, चेयरमैन लालचंद्र सिंह, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता बीना जोशी, प्रदेश सचिव रामबाबू मिश्रा, गिरधर बम, दीपक बत्रा, प्रमोद कॉलोनी, ग्राम प्रधान शंकर जोशी, हेमचंद्र दुर्गापाल, रमेश जोशी, रुकमणी नेगी, सीमा पाठक, कीर्ति पाठक, ललित जोशी आदि मौजूद रहे।