रामनगर में कॉर्बेट के बिजरानी रेंज में जंगल सफारी को जाते केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले।
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। केंद्र सरकार की ओर से पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे उत्तराखंड पहले भी आए लेकिन कॉर्बेट पार्क पहली बार आए हैं। जंगल सफारी करके बेहद रोमांचित हुए हैं। अठावले परिवार के साथ कॉर्बेट पार्क घूमने और जंगल सफारी करने आए हैं।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले बुधवार दोपहर रामनगर पहुंचे। ढिकुली के एक रिजॉर्ट में कुछ देर आराम करने के बाद दोपहर की पाली में वह बिजरानी रेंज में जंगल सफारी करने गए। केंद्रीय मंत्री के साथ उनकी पत्नी सहित परिवार के आठ सदस्य हैं। बिजरानी रेंजर बिंदर पाल ने बताया कि केंद्रीय मंत्री को बाघ के दर्शन नहीं हुए। अन्य वन्यजीवों को देखकर वह रोमांचित हुए। बृहस्पतिवार सुबह वह दिल्ली लौट जाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने उत्तराखंड में पर्यटन की संभावनाओं पर कहा कि पर्यटन को और बढ़ावा देने की जरूरत है। रामनगर में कॉर्बेट पार्क विश्वविख्यात है। कॉर्बेट के बारे में काफी सुना था इसलिए यहां वह जंगल सफारी करने आए हैं।
सल्ट की घटना निंदनीय
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने बताया कि अल्मोड़ा के सल्ट में अनुसूचित जाति के दूल्हे को घोड़े से उतार दिया गया था। यह घटना निंदनीय है। ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। समाज में परिवर्तन हो रहा है। कुछ लोग अभी भी जातिवाद मानते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। ज्ञानवापी मसले पर उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में चल रहा है। न्यायालय का जो भी आदेश होगा, उसे सभी को मानना होगा।