रामनगर (नैनीताल)। केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार का लक्ष्य आम आदमी तक खाद्य योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। अब नगर क्षेत्र में राशन वितरण प्रणाली, स्कूलों में मिलने वाले मिड-डे मील भोजन, आंगनबाड़ी केंद्रों में मिलने वाले नाश्ते और भोजन की जांच के लिए नगर सतर्कता समिति का गठन किया गया है।
राज्य खाद्य सतर्कता आयोग के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह रावत ने पालिका सभागार में आयोजित बैठक में कहा कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के तहत रामनगर में नगर सतर्कता समिति का गठन किया गया है। इसके सदस्य कभी भी अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए निरीक्षण कर सकते हैं, अपनी रिपोर्ट जिला विकास अधिकारी व आयोग को उपलब्ध करा सकेंगे। शीघ्र ही अभियान चलाकर गरीबी रेखा के नीचे वाले राशन कार्डों का सत्यापन किया जाएगा और पात्र लोगों को इसका लाभ पहुंचाया जाएगा। राशन की दुकानों में अवकाश के दिन, उनके खुलने और बंद होने के समय एवं राशन बांटने की तिथि का विवरण राशन की दुकानों के बाहर अंकित होना जरूरी है। समिति के सदस्य सचिव तेजबल सिंह, क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक दीप चंद्र बेलवाल ने भी जानकारी दी।
बैठक की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष हाजी मो. अकरम ने की। इसमें डीपीओ मुकुल चौधरी, सीडीपीओ शिल्पा जोशी, ग्राम्य विकास अधिकारी हरिशंकर पांडे, बाल विकास सुपरवाइजर मीरा बोरा, पंचायती राज विभाग हेम चंद्र, ओएसडी पूरन चौहान रहे।