हल्द्वानी सिंधी चौराहे पर गोलीकांड के चलते आईटीआई रोड पर लगा जाम। अमर उजाला
हल्द्वानी। दिनदहाड़े हत्या की खबर सुनकर लोग सन्न रह गए। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। इस दौरान जाम लग गया। पुलिस ने नैनीताल डिस्ट्रिक कोऑपरेटिव बैंक और नई आईटीआई तिराहे के पास से भारी वाहनों को डायवर्ट कर स्थिति से निपटने की कोशिश की। इसके बाद भी जाम लगता रहा। शहर की गलियों में भी वाहन रेंगते देखे गए। शाम चार बजे तक जाम की स्थिति बनी रही।
वारदात के बाद सिंधी चौराहे पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से रास्ता जाम हो गया। लोगों ने सड़क पर ही वाहनों को आड़ा-तिरछा खड़ा कर दिया। इस कारण सिंधी चौराहे से बरेली रोड की ओर जाने और रामपुर रोड के लिए मुड़ने वाला रास्ता बंद हो गया। ऐसे में वाहनों को स्टैंडर्ड के सामने से जाने वाले मार्ग से निकालने की कोशिश की गई मगर इस मार्ग पर दोनों तरफ से वाहनों के आने से जाम की स्थिति बन गई। नैनीताल रोड, कालाढूंगी चौराहा, रामपुर रोड से लेकर पीलीकोठी रोड पर भी जाम की स्थिति बनी रही।
रास्ता डायवर्ट किया, जाम की चिंता नहीं
हल्द्वानी। पुलिस ने मार्ग दो जगह पर डायवर्ट कर दिया, लेकिन तुलनात्मक तौर कम चौड़े मार्ग पर भारी वाहन कैसे निकलेंगे? अगर जाम की स्थिति उत्पन्न होगी? तो उससे कैसे निपटा जाएगा, उस पर ध्यान नहीं दिया। नई आईटीआई, स्वामी राम कैंसर इंस्टीट्यूट के बगल से जाने वाले मार्ग पर वाहन जाम में काफी देर तक फंसे रहे। जाम में फंसे लोग वाहनों को बंद कर उसके खुलने का इंतजार करते रहे। पुलिस ने जिला उद्योग केंद्र के पास कालाढूंगी मार्ग पर बैरीकेडिंग कर काफी समय पूर्व रास्ता बंद कर दिया था, जब वाहनों का दबाव बढ़ा तो बैरीकेडिंग हटा दी गई।