बरात गुजरने के दौरान रामपुर रोड पर लगा जाम। संवाद
हल्द्वानी। डीजे और बरात घर संचालकों के साथ बृहस्पतिवार को कोतवाली के सभागार में गोष्ठी के बाद व्यवस्थित यातायात संचालन के लिए गाइडलाइन लागू कर दी गई। बरात में पहिये पर चलने वाले लाइटिंग झालर को प्रतिबंधित करते हुए रात दस बजे के बाद डीजे के संचालन पर भी रोक लगा दी गई है। इसके अलावा कई अन्य निर्णय भी लिए गए हैं।
बैठक में एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र और सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान ने डीजे और मैरिज हाॅल संचालकों को गाइडलाइन की जानकारी दी। एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने कहा कि नियमों का उल्लंघन होने पर जिले के सभी थाना और पुलिस चौकी को चालान और कार्रवाई के अधिकार होंगे। वहां प्रभारी निरीक्षक अमर चंद्र शर्मा, टीआई महेश चंद्रा भी मौजूद रहे।
तय हुए मानक
- शादी समारोह में पहियों वाले लाइटिंग झालर प्रतिबंधित रहेंगे। उल्लंघन पर जब्ती की कार्रवाई होगी।
- बैंक्वेट हॉल पहुंचने से सिर्फ 200 मीटर पहले चलेगी बरात
- समारोह में सड़कों पर हाई-बेस डीजे का उपयोग पर भी लगा बैन।
- रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर रोक।
दिन में बने नियम अंधेरे में गुम
रामपुर रोड पर बृहस्पतिवार शाम को बरात निकली तो इसके साथ पहिये वाले लाइटिंग झालर भी चले। इन झालरों ने सड़क का ज्यादा हिस्सा घेर लिया। इससे एक लेन में बरात के पीछे वाहनों की भी लाइन लग गई। हालांकि सड़क चौड़ी होने के कारण जाम लंबा नहीं खींचा और वाहन धीरे धीरे निकलते रहे।