हल्द्वानी। देश भर में सरकारी तौल केंद्रों पर गेहूं खरीद कम होने के चलते केंद्र ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत गेहूं में कटौती कर दी है। अब प्रति यूनिट एक किलो गेहूं और चार किलो चावल मिलेगा। उधर राज्य सरकार ने अभी तक गेहूं का आवंटन नहीं किया है। इस कारण मानसून सीजन शुरू होने से पहले पर्वतीय जिलों में गेहूं नहीं जा रहा है।
मानसून सीजन शुरू होने से पहले 31 मई तक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग जून, जुलाई और अगस्त माह का एडवांस राशन पर्वतीय जिलों के गोदामों में भेजता है लेकिन 14 मई बीतने के बाद भी विभाग अभी तक गेहूं का एडवांस कोटा पर्वतीय जिलों के गोदामों में नहीं भेजा पाया है। लेकिन चावल और चीनी की आपूर्ति पर्वतीय जिलों को हो रही है।
इसका मुख्य कारण है कि केंद्र सरकार ने गेहूं खरीद कम होने के कारण प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल देने के मानकों को बदल दिया है। केंद्र सरकार ने तीन किलोग्राम गेहूं के बदले एक किलोग्राम गेहूं और दो किलोग्राम चावल के बदले चार किलोग्राम चावल प्रति यूनिट कर दिया है। राज्य सरकार ने अभी तक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग को इसका आवंटन पत्र नहीं भेजा है। इस कारण पर्वतीय जिलों में अभी तक गेहूं की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
कोट-
शासन से आवंटन जारी होने के बाद एफसीआई उतना गेहूं जारी करेगा। गेहूं का आवंटन जारी होते ही पर्वतीय जिलों को तीन माह का एडवांस गेहूं भेज दिया जाएगा।
हरबीर सिंह आरएफसी कुमाऊं
रविवार को भी खुलेगा गोदाम, पर्वतीय जिलों को होगी चावल की आपूर्ति
हल्द्वानी। मानसून सीजन को देखते हुए आरएफसी हरबीर सिंह ने रविवार को भी गोदाम खोलने के आदेश जारी किए हैं। आरएफसी हरबीर सिंह ने बताया कि 31 मार्च तक एडवांस राशन पर्वतीय जिलों को भेजना है। इस कारण चावल भेजने के लिए गोदामों को रविवार को भी खोलने के आदेश वरिष्ठ विपणन अधिकारियों को दिए गए हैं।