हल्द्वानी। नौ साल पहले मंडी चौकी क्षेत्र में लूट की वारदात के बाद फरार वारंंटी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद के राजगढ़ से दबोच लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर एसएसपी पीएन मीणा ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में मंडी पुलिस चौकी प्रभारी प्रेमराज विश्वकर्मा ने अपनी टीम के साथ लूट के मामले में वारंटी संजय करवल की तलाश की। पता चला कि आरोपी ने शहर के गौजाजाली में किराये के मकान में रहते हुए लूट की घटना को अंजाम दिया। कुछ समय बाद उसकी गिरफ्तारी हुई और बाद में वह जमानत पर बाहर आ गया। जमानत पर आने के बाद अचानक गायब हो गया। न्यायालय से वारंट निकलते रहे लेकिन आरोपी पेश नहीं हुआ। जांच के बाद आरोपी की लोकेशन मिर्जापुर में ट्रेस हुई। पुलिस टीम ने यूपी जाकर संजय करवल उर्फ बुद्धेश्वर निवासी राजगढ़, मिर्जापुर को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पर मध्यप्रदेश में लूट और चोरी के मुकदमे हैं।