ओखलकांडा की बदहाल सड़कों के मुद्दे को लेकर आहूत धरनास्थल पर सभा को संबोधित करते कांग्रेस नेता हर
- फोटो : BHIMTAL
भीमताल (नैनीताल)। ओखलकांडा ब्लॉक क्षेत्र की बदहाल सड़कों के चलते आए दिन हो रहे सड़क हादसों से नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरू के नेतृत्व में सिमलिया बैंड के खनस्यू में धरना देकर जोरदार प्रदर्शन किया। बाद में इस संबंध में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
धरनास्थल पर पूर्व दर्जा राज्यमंत्री हरीश पनेरू ने कहा कि काठगोदाम से हैड़ाखान-सिमलिया बैंड तक, छीड़ाखान से अधौड़ा-मीडार, पस्यान से देवली-नाई, गलनी से टीमर-बड़ौन, डालकन्या से ल्वाड़-डोबा-हरीशताल-गौनियारों और तितड़ा गधेरे के पुल की स्थिति बेहद खराब है। इसके चलते आए दिन सड़क हादसों में लोगों की मौत होने के साथ लोग घायल हो रहे हैं लेकिन शासन- प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बीते दिनों अधौड़ा के पास एक वाहन के खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई थी और एक घायल हो गया था। उन्होंने कहा हादसे का कारण क्षतिग्रस्त सड़क भी रही। पनेरू ने कहा कि तीन माह के अंदर अगर बदहाल सड़कों को दुरुस्त नहीं कराया गया तो आंदोलन किया जाएगा। बाद में तहसीलदार के आश्वासन और ज्ञापन सौंपने के साथ धरना-प्रदर्शन समाप्त किया गया। इस दौरान नवीन सुयाल, जीवन कांडपाल, कमल शर्मा, कृपाल बिष्ट, हरेंद्र बिष्ट, योगी अमरनाथ, राजेंद्र कांडपाल, हरपाल सिंह, खड़क सिंह, हयात सिंह आदि मौजूद रहे।