इधर, रविवार को जैसे ही इस घटना का पता धारचूला में लोगों को चला। धारचूला व्यापार मंडल महासचिव महेश गर्ब्याल और भाजपा नेता महेंद्र बुदियाल के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने बाजार में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। गांधी चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए नाबालिगों को भगाकर ले जाने के आरोपी युवक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। टैक्सी संचालकों ने भी गिरफ्तारी नहीं होने पर टैक्सी संचालन बंद रखने की चेतावनी दी। उन्होंने बाहरी राज्यों से आकर दुकानों में काम करने वालों का सत्यापन कराने की मांग की।
सीओ परवेज अली ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि दोनों नाबालिगों को बरामद कर लिया गया है। उन्होंने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। लोगों की नाराजगी को देखते हुए प्रशासन ने धारचूला नगर में पीएसी के जवान तैनात कर दिए हैं।
तीन फरवरी को नाबालिगों के लापता होने की सूचना मिली थी। एक टीम गठित कर दोनों नाबालिगों को बरामद कर लिया गया है। नाबालिगों को मजिस्ट्रेट के सम्मुख प्रस्तुत कर बयान दर्ज किए जाएंगे। आरोपी की गिरफ्तारी शीघ्र कर ली जाएगी। -लोकेश्वर सिंह, एसपी पिथौरागढ़।